पानीपत में नकाबपोश बदमाशों का मोमोज बेचने वाले 2 भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
हरियाणा Updated On :

पानीपत के हरिनगर कच्ची फाटक के पास कुछ नकाबपोश बदमाशों की गुंडई का मामला सामने आया है। यहां मोमोज खाने के बाद पैसों को लेकर चार युवकों और रेहड़ी संचालक में झगड़ा हो गया। आरोप है कि अगले दिन चारों आरोपी अपने 20 अन्य साथियों के साथ आया और रेहड़ी संचालक और उसके भाई पर हमला कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफतौर पर देखा जा रहा है कि दर्जनभर युवक हाथों में लाठी-डंडा लहरा रहे हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित विकास ने बताया कि वह गंगाराम कॉलोनी का रहने वाला है। वह अपने भाई दिनेश के साथ कच्ची फाटक के पास मोमोज की स्टॉल लगाता है। सोमवार (2 फरवरी) को वह रेहड़ी पर था। इसी बीच 4 युवक आए और मोमोज खाने के बाद कम रुपए देने लगे।

इस पर उसने कारण पूछा तो युवक बोले कि मोमोज खराब थे। झगड़ा करके वे बिना पैसे दिए ही चले गए। मंगलवार (3 फरवरी) को गोल्डी, गौरव साहिल व अन्य 20-30 युवक लाठी-डंडे, तलवार व गंडासी लेकर आए और उन पर हमला कर दिया।

स्थानीय लोगों ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और मामले की शिकायत पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी गई। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने बताया पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके की वीडियो भी कब्जे में ले ली है। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीएसपी हेडक्वार्टर के अधिकारी सतीश वत्स ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि दो दिन पहले मोमोज के पैसों को लेकर दो पक्षों में लड़ाई-झगड़े की घटना हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ितों की ओर से तीन-चार लोगों के नाम बताए गए हैं। साथ ही 25-30 अज्ञात लोगों की भी जानकारी दी है।



Related