गुरुग्राम में नॉर्थ इंडिया का पहला गैस ATM शुरू, अब बिना इंतजार 24 घंटे मिलेगी

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
हरियाणा Updated On :

गुरुग्राम के सोहना इलाके में रहने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। घरेलू गैस की किल्लत के बीच यहां सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में भारत गैस का नॉर्थ इंडिया का पहला एलपीजी गैस एटीएम शुरू कर दिया गया है। यह गैस एटीएम धुनेला स्थित भोंडसी एजेंसी द्वारा लगाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को अब गैस के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

इस गैस एटीएम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां 24 घंटे गैस सिलेंडर उपलब्ध रहेंगे। लोगों को अब गैस की गाड़ी का इंतजार करने या एजेंसी तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हालांकि, इस एटीएम में फिलहाल 10 किलो वाले सिलेंडर ही मिलेंगे। जिन उपभोक्ताओं के पास 14 किलो के सिलेंडर हैं, उन्हें नया कनेक्शन देकर छोटे सिलेंडर में बदला जाएगा और उनकी सिक्योरिटी राशि भी वापस कर दी जाएगी।

भारत गैस द्वारा दिए जाने वाले ये नए सिलेंडर हल्के, मजबूत और जंग-रहित हैं। खासकर महिलाओं के लिए इन्हें उठाना और इस्तेमाल करना आसान होगा। सुरक्षा के लिहाज से भी ये सिलेंडर बेहतर माने जा रहे हैं।

गैस एटीएम शुरू होने से सेंट्रल पार्क और आसपास के लोगों में काफी खुशी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब उन्हें गैस खत्म होने पर परेशानी नहीं होगी और कभी भी जाकर सिलेंडर लिया जा सकेगा। इससे समय की बचत भी होगी और सुविधा भी बढ़ेगी।

भोंडसी भारत गैस एजेंसी के मैनेजर के अनुसार, यह कदम उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। फिलहाल इस एटीएम से केवल भोंडसी एजेंसी के उपभोक्ता ही गैस ले सकते हैं, लेकिन भविष्य में इसे अन्य उपभोक्ताओं के लिए भी खोलने की योजना है।

गौर करने वाली बात यह है कि सोहना में गैस को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहता है। ऐसे में यह गैस एटीएम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि कब तक अन्य एजेंसियों के उपभोक्ताओं को भी इस सुविधा का लाभ मिलता है।



Related