फोन पर पत्नी से कहा “तलाक-तलाक-तलाक”, पुलिस ने दर्ज किया केस

पुणे। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को फोन पर ही तीन तलाक दे दिया, जिसके बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ सम्बंधित धाराओं के तहत केस रजिस्टर कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि महिला पहले नौकरी करने दुबई गई थी और हाल ही में अहमदनगर आई थी। मुंबई में रहने वाले महिला के पति ने 20 नवंबर को उसे फोन किया और बताया कि वह उसके साथ संबंध नहीं रखना नहीं चाहता और उसके साथ रहना भी नहीं चाहता। इसके बाद पति ने उसे फोन पर तलाक दे दिया।

पीड़ित महिला ने अहमदनगर में भिंगर कैंप पुलिस थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद शनिवार को आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कहा कि महिला ने ब्यूटी पार्लर संबंधित कोई कोर्स किया था और वह मुंबई में काम करती थी। बाद में महिला दुबई चली गई थी और हाल ही में अहमदनगर लौटी थी जहां उसका फ्लैट है। दंपति की तीन साल की एक बेटी भी है। पत्नी की शिकायत के आधार पर मुस्लिम महिला (वैवाहिक अधिकारों की सुरक्षा) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

First Published on: November 23, 2020 11:56 AM
Exit mobile version