चिट्ठी पर हेमन्त सरकार ने लिया होता संज्ञान तो नहीं जाती पूर्व विधायक की पत्नी की जान: दीपक प्रकाश

रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने बरही के पूर्व विधायक राम लखन सिंह की पत्नी का कोरोना वायरस से निधन होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि हेमंत सोरेन सरकार की असंवेदनशीलता और लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश ने आज यहां आरोप लगाया, ‘‘हेमंत सरकार जनप्रतिनिधियों, यहां तक कि पूर्व विधायक के आवेदन को भी दरकिनार कर गहरी निंद्रा में सोई हुई है।

बरही के पूर्व विधायक राम लखन सिंह ने 14 मई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम पर पेंशन और क्रय धान के भुगतान की मांग को लेकर चिट्ठी लिखी थी साथ ही किसानों का दुख दर्द भी साझा किया था। उन्होंने चिट्ठी में यह भी दर्शाया था कि उनकी पत्नी कोरोना से पीड़ित है।

कहा कि दुखद है पूर्व विधायक की चिट्ठी को दरकिनार कर सरकार ने उनकी एक नहीं सुनी। पूर्व विधायक द्वारा लिखी गयी चिट्ठी रांची के प्रमुख अखबारों में छपी भी थी, इसके बावजूद सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बुधवार को विधायक की पत्नी का निधन हो गया। कहा, इस मामले में दोष किसका है यह सरकार तय करे।

प्रकाश ने आरोप लगाया कि कांग्रेस-झामुमो के राज में पूर्व विधायकों की नहीं सुनी जा रही है ऐसे में आम जनता का क्या हाल होगा यह समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण राज्य के किसान दोहरी मार झेल रहे हैं।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस-झामुमो और राजद किसानों को झूठे सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आ गई लेकिन एक भी वायदे को अब तक पूरा नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि सरकार यथाशीघ्र किसानों की मांग को पूरा करते हुए क्रय धान का भुगतान करे।

First Published on: May 20, 2021 8:12 AM
Exit mobile version