झारखंड: खराब कानून-व्यवस्था के खिलाफ थाने में धरने पर बैठीं कांग्रेस विधायक दीपिका

गोड्डा। झारखंड में गोड्डा जिले के महगामा विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह राज्य में ‘‘कानून व्यवस्था खराब होने और स्थानीय मेहरमा थाने के अधिकारियों पर हत्या समेत आपराधिक मामलों में संलिप्तता’’ का आरोप लगाते हुए थाना परिसर में ही सोमवार देर शाम धरने पर बैठ गयीं।

सिंह ने मेहरमा थाना अधिकारियों पर हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मामलों में ‘‘अपराधियों के लिए दलाली’’ करने के आरोप लगाया और कहा कि जब उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठायी तो उन्हीं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर दिया गया।

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि मेहरमा थाने के पूर्व थानेदार कश्यप गौतम ने हत्या के एक मामले में जब निलंबित रहते हुए भी दलाली की कोशिश की, तो उन्होंने उसे रोकने के लिए कदम उठाया लेकिन गौतम ने उनके खिलाफ ही थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी।

राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक मेहरमा थाने में ही धरने पर बैठ गईं। इस मामले में गोड्डा के वरिष्ठ अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

First Published on: April 27, 2021 8:53 AM
Exit mobile version