पलामू में मिलीं बारूदी सुरंगें, सुरक्षा बलों पर बड़े हमले की साजिश नाकाम

मेदिनीनगर। नक्सलियों की सुरक्षा बलों पर बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने पलामू जिले के मनातू- चक मार्ग में नक्सलियों द्वारा बनाई गई चार बड़ी बारूदी सुरंगों को समय रहते निष्क्रिय कर हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया। पलामू के एसपी संजीव कुमार ने बताया कि नक्सलियों ने मनातू थानान्तर्गत मंसुरिया के पास बारूदी सुरंगें बनाई थीं।

सभी में बारह से पंद्रह किलोग्राम विस्फोटक था जिससे भारी नुकसान हो सकता था। इन्हें सुरक्षा बलों को लक्ष्य कर सड़क के बीच में लगाया गया था। यह मार्ग चतरा होते हुए बिहार के गया तक जाता है। बताया कि इनका पता लगाकर निष्क्रिय करने का काम केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 134वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस ने मिलकर किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि इसमें किस नक्सली संगठन का हाथ है। यह पूरा क्षेत्र माओवादियों का गढ़ माना जाता है।

 

First Published on: September 25, 2020 2:24 PM
Exit mobile version