राजस्थान में सड़क दुर्घटना में एमपी के 8 लोगों की मौत, शिवराज ने जताया शोक

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश के नागरिकों के असामयिक मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। चौहान ने कहा कि यह दुखद और हृदय विदारक घटना है।

जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने दिवंगत व्यक्तियों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों की आवश्यक सहायता के निर्देश भी दिये हैं।

जयपुर से आई एक खबर के अनुसार राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए।

टोंक सदर थाने के थानाधिकारी दशरथ सिंह ने बताया कि यह हादसा देर रात लगभग सवा दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 पर हुआ। यात्रियों से भरी एक बड़ी जीप को ट्रोले ने पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद जीप एक पुलिया और ट्रोले के बीच फंस गयी।

उन्होंने बताया कि आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जीप में सवार लोग मध्य प्रदेश के जीरापुर (राजगढ़) के रहने वाले थे।

First Published on: January 27, 2021 3:28 PM
Exit mobile version