हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला में हवन-पूजन

मध्य प्रदेश के धार की ऐतिहासिक भोजशाला में हाईकोर्ट के फैसले के बाद धार्मिक गतिविधियां लगातार जारी हैं। आज रविवार (17 मई) को सूर्योदय के साथ यहां अखंड ज्योत स्थापना, हवन-पूजन और मां वाग्देवी के प्रतीकात्मक चित्र की स्थापना की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी भोजशाला पहुंचीं और पूजा-अर्चना में शामिल हुईं।

भोजशाला परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। यहां धार्मिक विधि-विधान के साथ हवन, वास्तु पूजन और अखंड ज्योत स्थापना का आयोजन किया गया। मां वाग्देवी के प्रतीकात्मक तैल चित्र की स्थापना भी की गई। आयोजन से पहले पूरे परिसर का गोमूत्र और गोबर से शुद्धिकरण किया गया।

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी भोजशाला पहुंचीं। उन्होंने पूजा-अर्चना और हवन में भाग लिया। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि यह धर्म, आस्था और विश्वास की बड़ी विजय है। उन्होंने इस फैसले को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जितना महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राजा भोज ने इस स्थान का निर्माण धर्म, आध्यात्म और अध्यापन के लिए कराया था।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर राजीव रंजन मीना और एसपी सचिन शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। भोजशाला परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि माननीय न्यायालय ने ए एस आई को जो जिम्मेदारी दी थी, उसके अंतर्गत ए एस आई ने भोजशाला में पुजा को लेकर नए आदेश जारी किए हैं और उसी के संदर्भ में यहां पुजा अर्चना हो रही है। हम सुरक्षा व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था के लिए कटिबद्ध है।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने धार की भोजशाला को लेकर नई गाइड लाइन जारी की है। उसी के अन्तर्गत आज यहां पूजा अर्चना हो रही है। इसमें मैं और डीएम साहब ने भी भाग लिया। एसपी शर्मा ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।

First Published on: May 17, 2026 3:32 PM
Exit mobile version