मध्य प्रदेश के असीरगढ़ के जंगल में मिला मादा तेंदुए का शव

खंडवा। मध्य प्रदेश में इन्दौर-इच्छापुर मार्ग पर यहां से 50 किलोमीटर दूर किला असीरगढ़ के जंगल में लगभग चार साल की मादा तेंदुए का शव मिला है। वन विभाग के क्षेत्र निरीक्षक सौरभ द्विवेदी ने बताया कि तेंदुए का शव मिलने की खबर मिलते ही वन विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंच गया। प्राथमिक तौर पर जांच में तेंदुए की मौत प्राकृतिक प्रतीत होती है।

तेंदुए का शव मुख्य सड़क से 30 मीटर अंदर असीरगढ़ किला जाने वाले रास्ते पर मिला है। द्विवेदी ने बताया कि शव को शुक्रवार को हसनपुरा वन चौकी पर लाया गया और डॉक्टरों के दल ने शव परीक्षण किया। शव पर किसी तरह के घाव नहीं है। इसलिये मृत्यु का कारण प्राकृतिक प्रतीत होता है।

तेंदुए के शव को नियमानुसार हसनपुरा वन क्षेत्र में जलाकर नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि मादा तेंदुए का शव करीब चार दिन पुराना था। शव परीक्षण के बाद इसके नमूनें जांच के लिये जबलपुर भेजे गये हैं। वहां की रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।

First Published on: February 27, 2021 4:33 PM
Exit mobile version