मध्य प्रदेश : तीन सगी बहनों का शव एक पेड़ पर लटका मिला, पुलिस बोली तीनों ने आत्महत्या की

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खंडवा जिले में आदिवासी समुदाय की तीन सगी बहनों का शव एक ही पेड़ से लटकता मिला है।

खंडवा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खंडवा जिले में आदिवासी समुदाय की तीन सगी बहनों का शव एक ही पेड़ से लटकता मिला है। इस मामले पर पुलिस का कहना है कि तीनों बहनों ने पेड़ से फंदा लगा कर आत्महत्या (suicide) की है। घटना खंडवा के जावर थानांर्तगत ग्राम भामगढ़ के कोटा फाल्या में मंगलवार रात 11 बजे के आसपास हुई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी है।

खंडवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि सोनू (23), उसकी छोटी बहनें सावित्री (21) और ललिता (19) के शव पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटके मिले। सिंह ने बताया कि उनके पिता का देहांत करीब चार साल पहले हो चुका था और वे ग्राम भामगढ़ के कोटा फाल्या में अपनी मां के साथ ही रहती थीं। उन्होंने कहा कि इस परिवार में पांच बहनें और तीन भाई थे।

सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम का मानना है कि तीनों ने आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और उनकी मौत की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर जावर पुलिस रात करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शवों को पेड़ से उतारा। सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।

First Published on: July 27, 2022 9:07 PM
Exit mobile version