राणे की गिरफ्तारी पर बेटे नितेश ने वीडियो ट्वीट कर शिवसेना को ‘करारा जवाब’ देने का दिया संदेश

विवादित बयान के चलते केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी के बाद उनके बेटे नितेश राणे ने बॉलीवुड की एक फिल्म का वीडियो ट्वीट कर विपक्ष को करारा जवाब देने का संकेत दिया है।

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने के मामले में केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस मामले को लेकर उनके बेटे और भाजपा के नेता नितेश राणे ने बॉलीवुड की एक फिल्म का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए विपक्ष को करारा जवाब देने का संकेत दिया।

नितेश राणे ने ट्विटर पर फिल्म ‘राजनीति’ का एक वीडियो साझा किया, जिसमें अभिनेता मनोज बाजपेयी कहते नजर आ रहे हैं, ‘‘ आसमान पर थूकने वाले को शायद यह पता नहीं है कि वह उनके चेहरे पर ही गिरेगा….करारा जवाब मिलेगा, करारा जवाब मिलेगा।’’

केंद्रीय मंत्री राणे ने दावा किया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे यह भूल गए कि देश की आजादी को कितने साल हुए हैं। उन्होंने कहा था, ‘‘ अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।’’

जिस विवादित बयान के बाद शिवसेना के विरोध के चलते उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि बाद में महाड की एक अदालत ने मंगलवार देर रात उन्हें जमानत दे दी थी। जमानत मिलने के बाद केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री राणे ने ट्वीट किया था, ‘‘ सत्यमेव जयते।’’

First Published on: August 25, 2021 2:44 PM
Exit mobile version