CYCLONE TAUKATE UPDATE: महाराष्ट्र के CM ने स्थिति की समीक्षा की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के मद्देनजर मुंबई, ठाणे और अन्य तटीय इलाकों में स्थिति की समीक्षा की।

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के मद्देनजर मुंबई, ठाणे और अन्य तटीय इलाकों में स्थिति की समीक्षा की।

आधिकारिक बयान के अनुसार, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और रायगढ़ जिले के तटीय इलाकों के 12,420 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें रायगढ़ के 8,380, रत्नागिरि के 3,896 और सिंधुदुर्ग के 144 लोग हैं।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ठाकरे ने मुंबई, ठाणे और निकटवर्ती इलाकों में स्थिति की समीक्षा की और चक्रवात के कारण कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज प्रभावित ना हो, यह सुनिश्चित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।

बयान के अनुसार, रायगढ़ जिले में ‘रेड अलर्ट’ और मुंबई, ठाणे तथा पालघर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

‘रेड अलर्ट’ में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश और ‘ऑरेंज अलर्ट’ में छह से 20 सेंटीमीटर के बीच बारिश होने का अनुमान होता है।

इसबीच, उप मुख्यमंत्री अजित पवार राज्य सचिवालय के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ पहुंचे और बचाव कार्य का मुआयना किया। उन्होंने राज्य के सभी तटीय जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है।

पवार ने सिंधुदुर्ग, रत्नागिरि, रायगढ़, ठाणे, पालघर, मुंबई (शहर), मुंबई (उपनगर) के जिलाधिकारियों और बृहन्मुंबई नगर निगम के इकबाल सिंह चहल से फोन पर बात की और बचाव कार्यों तथा चक्रवात से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी हासिल की।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ‘ताउते’ के तूफान से ‘‘अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान’’ में तब्दील होने के बाद अब उसके सोमवार शाम गुजरात पहुंचने का अनुमान है और रात आठ बजे से 11 बजे के बीच राज्य के तटीय इलाकों से होता हुआ यह आगे बढ़ जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि चक्रवाती तूफान के गुजरात की ओर बढ़ने के मद्देनजर रातभर और सोमवार सुबह मुंबई और उसके निकटवर्ती इलाकों में तेज हवाएं चलीं और बारिश हुई।

उन्होंने बताया कि मुंबई में कई स्थानों पर पेड़ भी उखड़ गए। फिलहाल, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

First Published on: May 17, 2021 3:39 PM
Exit mobile version