मुंबई से सटे मीरा रोड में एक सोसायटी के अंदर कुर्बानी के लिए बकरे लाए जाने और उन बकरों के लिए शेड बनाए जाने को लेकर जमकर बवाल हुआ है। हंगामा बीती रात से शुरू हुआ और अभी भी जारी है। मीरा रोड की पूनम क्लस्टर सोसायटी का ये मामला है। यहां बीती रात दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इस बीच आज (26 मई) सुबह से वहां हिंदूवादी संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
हिंदूवादी संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और विरोध जताया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और अचानक भीड़ बेकाबू होने लगी। इसके बाद हालात संभालने के लिए पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत कल (25 मई) दिन में ही हुई थी लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया। मीरा रोड की जिस पूनम सोसायटी में हंगामा हुआ है, वहां पार्किंग में बकरे बंधे हुए नजर आए। तनाव की वजह बकरीद से पहले सोसायटी में बकरे को रखने के लिए शेड बनाया गया था, जिसका सोसाइटी के लोगों और हिंदू संगठनों ने विरोध किया था। शिकायत मिलने के बाद महानगरपालिका ने कार्रवाई करते हुए इस शेड का गिरा दिया था। जानकारी के मुताबिक जब फिर से यहां पर शेड बनाने का प्रयास किया गया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग भिड़ गए।
पूनम क्लस्टर सोसायटी में हंगामे के बाद इसे लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता नसीम खान ने इस विवाद को लेकर बीजेपी पर आरोप लगाया है और दावा किया है बीजेपी और उनके नेता मामले को हिंदू मुस्लिम बनाने में लगे हैं।
