राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महाराष्ट्र ने पिछले डेढ़ साल से अलग-अलग विचाराधारा वाले तीन दलों की आदर्श सरकार को चलाकर देश में गैर भाजपा दलों के लिए नया मार्ग प्रशस्त किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संप्रग द्वारा यह प्रयोग राष्ट्रीय स्तर पर भी आजमाना चाहिए। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश में 27 विपक्षी नेताओं को लिखे अपने पत्र में इसका उल्लेख किया था।’’
राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को साथ मिलकर चर्चा करनी चाहिए और नया राजनीतिक मार्ग तैयार करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘1975 के बाद जयप्रकाश नारायण सभी विपक्षी दलों को एक साथ लेकर आए थे। दुर्भाग्य से आज ऐसा कोई नेता नहीं है।’’
महाराष्ट्र में वर्ष 2019 में विधानसभा चुनावों के बाद शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस ने भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए साथ मिलकर सरकार का गठन किया था।

मुंबई। शिवसेना के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) का प्रयोग संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर भी आजमाना चाहिए। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए तीन अलग-अलग विचारधारा वाले दल एकसाथ आए थे।