मीरा रोड में श्रीराम शोभायात्रा पर पथराव के बाद उपद्रवियों पर पुलिस एक्शन

मीरा रोड इलाके में इस झड़प के बाद से पुलिस का भारी पहरा जारी है। लोकल पुलिस के अलावा मुंबई पुलिस, पालघर पुलिस, ठाणे ग्रामीण पुलिस, आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स), एमएसएफ (महाराष्ट्र सुरक्षा बल) और एसआरपीएफ को इलाके भी में तैनात किया गया है।

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सटे मीरा भायंदर इलाके में निकली श्रीराम शोभायात्रा पर पथराव के बाद पूरे इलाके में तनाव फैला है। दरअसल अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर रविवार रात निकली बाइक रैली के दौरान दो गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान वहां जमकर नारेबाजी और पत्थरबाजी भी हुई। इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।

मीरा रोड इलाके में इस झड़प के बाद से पुलिस का भारी पहरा जारी है। लोकल पुलिस के अलावा मुंबई पुलिस, पालघर पुलिस, ठाणे ग्रामीण पुलिस, आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स), एमएसएफ (महाराष्ट्र सुरक्षा बल) और एसआरपीएफ को इलाके भी में तैनात किया गया है।

इस घटना को मीरा भयंदर के एडिशनल सीपी श्रीकांत पाठक का कहना है, ‘हम घटना की जांच कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ ही कार्रवाई की जाएगी… मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं… पुलिस ने समय पर कार्रवाई की है।’

पुलिस ने बताया कि कि रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे तीन कारों और उतनी ही संख्या में मोटरसाइकिल पर सवार 10 से 12 लोगों का एक समूह नया नगर से रैली निकाल रहा था, तभी दूसरे समुदायों के सदस्यों से उनकी झड़प हो गई। रैली के दौरान यह समूह सोमवार को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर भगवान राम की प्रशंसा में नारे लगा रहा था।

एक अधिकारी ने बताया कि नारे लगाते हुए कुछ लोगों ने कथित तौर पर पटाखे फोड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों का एक समूह लाठी-डंडे लेकर बाहर निकल आया। उनकी रैली में शामिल लोगों से बहस हुई और उन्होंने उनके वाहनों पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वाहनों में सवार लोगों से मारपीट भी की गयी। पुलिस ने फौरन बीचबचाव किया और हमलावरों को खदेड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि इलाके में कानून एवं व्यवस्था की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस कर्मियों के अलावा दंगा नियंत्रण पुलिस (आरसीपी) की एक टुकड़ी भी तैनात की गयी है। उन्होंने बताया कि नया नगर पुलिस थाने में दर्ज एक शिकायत के आधार पर हमलावरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अभी तक 13 लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में हालात अभी नियंत्रण में है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस झड़प में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, ‘मैंने कल ही स्थानीय पुलिस से सभी विवरण ले लिए हैं, क्योंकि मैं तड़के साढ़े तीन बजे तक पुलिस आयुक्त के संपर्क में था। मैंने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।’

फडणवीस ने कहा, ‘अब तक 13 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से इसमें शामिल और लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। राज्य में कानून-व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।

इस बीच, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के विधायक प्रताप सरनाईक ने सोमवार को मीरा भायंदर वसई विरार (एमबीवीवी) के पुलिस आयुक्त मधुकर पांडे से मुलाकात की और एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की।

First Published on: January 23, 2024 12:19 PM
Exit mobile version