तेज रफ़्तार आ रही थी ट्रेन और रेलवे ट्रैक पर गिरा बच्चा, फरिश्ता बन आया पॉइंट्समैन

naagrik news naagrik news
महाराष्ट्र Updated On :

मुंबई। सच ही कहा गया है कि “जाको राखे साइयां मार सके न कोई”। ये उस समय चरितार्थ हुई जब मुंबई के पास वांगनी रेलवे स्टेशन पर एक पॉइंटमैन ने अपनी जान की परवाह किए बगैर एक बच्चे की जान बचा ली। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है। खुद रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस वीडियो को ट्वीटर पर शेयर किया है। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

दरअसल, हाल ही में वांगनी स्टेशन पर एक दिल दहलाने वाली घटना हुई, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप उठेगी। इस वीडियो को शेयर करते हुए पीयूष गोयल ने ट्वीट किया मयूर शेल्के पर बहुत गर्व है, मुंबई के वांगनी रेलवे स्टेशन के रेलवेमैन जिन्होंने असाधारण रूप से साहसी कार्य किया है, अपनी जान जोखिम में डालकर एक बच्चे की जान बचाई।

वांगनी स्टेशन पर हुए इस हादसे की वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक छोटा बच्चा प्लेटफॉर्म पर चलते-चलते अचानक से रेल की पटरी पर गिर जाता है और सामने से तेज़ रफ्तार में ट्रेन आ रही है। ये मंज़र किसी का भी दिल दहला सकता है, लेकिन उसी वक्त रेल विभाग के पॉइंट्समैन मयूर शेलके ने एक फरिश्ते की तरह आकर अपनी जान पर खेलकर बच्चे की जान को बचा लिया।

वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कितनी तेज़ रफ्तार में सामने की ओर से ट्रेन आ रही है, लेकिन अपनी जान की परवाह किए बगैर बड़ी ही बहादुरी से रेल विभाग के पॉइंट्समैन मयूर शेलके सामने से आ रही ट्रेन के सामने पटरी पर भागते हुए आते हैं और बच्चे को बचा लेते हैं। वीडियो देखने के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि रेल विभाग के पॉइंट्समैन मयूर शेलके ने दुनिया के सामने इंसानियत और बहादुरी की खूबसूरत मिसाल पेश की है।



Related