लोहरदगा में माओवादियों से सुरक्षा बलों की मुठभेड़, दो जवान घायल


पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में दो जवान उपेन्द्र सिंह और अरविंद पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए और इन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है।


भाषा भाषा
राज्य Updated On :

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में शुक्रवार को माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में राज्य पुलिस के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गये।

लोहरदगा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) जितेंद्र कुमार सिंह ने  बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर जब सुरक्षा बल सेरेंगदाग के शाही घाट इलाके में तलाशी के लिए पहुंचे तो वहां छिपे माओवादियों ने घात लगाकर सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करनी शुरू कर दी जिसमें दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गये लेकिन सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली समीप के जंगल में भाग गये।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में दो जवान उपेन्द्र सिंह और अरविंद पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए और इन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर भेजी गयी हैं और तलाशी अभियान जारी है।

उन्होंने बताया कि माओवादियों का नेतृत्व उनका कमांडर रविंद्र गंझू कर रहा था जिसकी लंबे समय से पुलिस तलाश कर रही है।