मुंबई: मायानगरी में बिजली गुल, पर BSE और NSE के कामकाज पर असर नहीं

मुंबई : मुंबई में सोमवार को बड़े हिस्से में बिजली गुल होने के बीच शेयर बाजारों बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कामकाज सामान्य तरीके से चल रहा है। बीएसई के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दक्षिण मुंबई में बिजली गायब नहीं हुई है। एक्सचेंज में कामकाज सामान्य है। आज सुबह मझगांव शिपबिल्डर्स की सूचीबद्धता का कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक पूरा हुआ।’’ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने भी कहा कि उसका कामकाज सामान्य तरीके से चल रहा है।

देश की आर्थिक राजधानी के एक बड़े हिस्से में सोमवार सुबह तकनीकी गड़बड़ी की वजह से बिजली बंद हो गई। बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) ने ट्वीट कर बताया कि ‘टाटा की बिजली आपूर्ति फेल होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है’। सार्वजनिक क्षेत्र की बेस्ट के अलावा अडाणी इलेक्ट्रिसिटी और टाटा पावर शहर को बिजली की आपूर्ति करती हैं।

सूत्रों ने कहा कि जरूरी कामकाज के लिये चलाई जा रहीं उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं भी सुबह करीब 10 बजे से बाधित हैं। राज्य सरकार द्वारा संचालित कंपनी बेस्ट, अदानी इलैक्ट्रिसिटी और टाटा पावर समेत विभिन्न कंपनियां मुंबई में बिजली की आपूर्ति करती हैं। इस बीच, सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बिजली आपूर्ति जल्द ही शुरू हो जाएगी। नगर निकाय द्वारा संचालित आपदा नियंत्रण कक्ष ने कहा कि शहर के उपनगरीय इलाके कालवा में टाटा पावर द्वारा बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी के चलते ऐसा हुआ है और बिजली आने में एक घंटे तक का वक्त लगेगा।

First Published on: October 12, 2020 2:40 PM
Exit mobile version