पीएम मोदी ने की सीएम सरमा से बात, राज्य में बाढ़ संबंधी स्थिति की ली जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली।

नई दिल्ली। असम के कई हिस्से बाढ़ के चलते प्रभावित हुए हैं। जिसके संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और केन्द्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्वा सरमा से बात की और राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में जाना। स्थिति से निपटने के लिए केन्द्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मैं प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले भी लोगों की सुरक्षा और कुशलता की कामना करता हूं।’’

मुख्यमंत्री सरमा ने भी प्रधानमंत्री से बात करने की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने आज फोन पर बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की और इस आपदा से निपटने के लिए असम को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।’’

सरमा ने कहा, ‘‘इस बाढ़ ने लोगों की आजीविका को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। संकट के इस समय में हमारे साथ खड़े रहने के लिए मैं आदरणीय मोदी जी का आभारी हूं।’’

बुलेटिन के अनुसार, असम में 950 गांव में पानी भर गया है और 30,333.36 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।

First Published on: August 31, 2021 5:17 PM
Exit mobile version