नगालैंड में नोक्सें विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां पूरी

इस विधानसभा सीट पर 11,819 मतदाता हैं जिनमें से 6,163 पुरुष और 5,625 महिलाएं तथा 31 सेवा मतदाता हैं।

कोहिमा। नगालैंड में 17 अप्रैल को नोक्सें विधानसभा सीट के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष उपचुनाव कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिन्हा ने त्वेनसांग जिले के अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और पत्रकारों के साथ बंद कमरे में शुक्रवार को बैठक की। नोक्सें विधानसभा सीट इसी जिले में आती है।

सिन्हा ने पत्रकारों को बताया कि 23 मार्च को नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू होगी और नामांकन भरने की अंतिम तारीख 30 मार्च है।

इस विधानसभा सीट पर 11,819 मतदाता हैं जिनमें से 6,163 पुरुष और 5,625 महिलाएं तथा 31 सेवा मतदाता हैं।

सिन्हा ने बताया कि इस सीट के लिए 23 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से यांग्पी मतदान केंद्र पर सबसे ज्यादा 953 मतदाता हैं और युकुमसांग मतदान केंद्र पर सबसे कम 113 मतदाता हैं।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन तथा न्याय एवं कानून मंत्री सी एम चांग के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। चांग का कोविड-19 के कारण पिछले साल 12 अक्टूबर को निधन हो गया था।

वह नगालैंड में इकलौते विधायक थे जिनकी कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई।

First Published on: March 20, 2021 12:43 PM
Exit mobile version