राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के रायगढ़ में इमारत गिरने की घटना पर दुख प्रकट किया

रायगढ़। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पांच मंजिला आवासीय इमारत के गिरने की घटना में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख प्रकट करते हुए मंगलवार को कहा कि स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम राहत एवं बचाव कार्य को आगे बढ़ा रही है।

राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘महाराष्ट्र के रायगढ़ के महाड में इमारत गिरने और जीवन के नुकसान की खबर दुखद है। मेरी प्रार्थना एवं संवेदना हादसे के पीड़ितों के साथ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम राहत एवं बचाव कार्य में समन्वय कर रही है।’’ गौरतलब है कि महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पांच मंजिला आवासीय इमारत के गिरने के हादसे के एक दिन बाद भी बचावकर्मी मलबे में जीवितों की तलाश कर हैं। पुलिस ने कहा कि 19 लोग अब भी लापता हैं। इमारत ढहने के दौरान पत्थर गिरने से चोटिल हुए एक शख्स की सोमवार रात दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी थी।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रायगढ़ में इमारत गिरने की घटना पर दुख प्रकट किया और कहा कि स्थानीय प्राधिकारी और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) घटनास्थल पर हरसंभव सहायता पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक ट्वीट में मोदी के हवाले से कहा गया, ‘‘महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाड में इमारत गिरने की घटना से दुखी हूं। इस घटना में जिन्होंने अपने प्रिय जनों को खोया है, उनके साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय प्राधिकारी और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और हरसंभव सहायता पहुंचा रहे हैं।’’

 

इस पांच मंजिला इमारत के गिरने के एक दिन बाद भी मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश की जा रही है क्योंकि पुलिस के मुताबिक 19 लोग अब भी लापता हैं।इमारत में करीब 40 मकान थे। सुरक्षित निकाले गए सभी लोगों को मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर महाड के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

First Published on: August 25, 2020 5:23 PM
Exit mobile version