भगवंत मान आज करेंगे सरकार बनाने का दावा पेश, भगत सिंह के पैतृक गांव में लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ


भगवंत मान 16 मार्च को नवांशहर जिले में महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।



चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान आज यानि शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात करके राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

मान यहां पास स्थित मोहाली में पार्टी विधायकों की बैठक में आप के विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने के एक दिन बाद दावा पेश करेंगे।

आम आदमी पार्टी के नेता अमन अरोड़ा ने यहां कहा, ‘‘आज यहां विधायक दल की बैठक हुई। हमने औपचारिक रूप से भगवंत मान को अपना नेता चुना है।’’

उन्होंने कहा कि मान शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। भगवंत मान 16 मार्च को नवांशहर जिले में महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती हैं। आप ने चुनाव में कांग्रेस और शिअद-बसपा गठबंधन को पछाड़ दिया। चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता हार गए