चन्नी के ‘यूपी के भाइयों को पंजाब में फटकने नहीं देना है’ बयान पर भाजपा और आप का हमला


चन्नी की बयानबाजी को लेकर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है।


शिवांगी गुप्ता शिवांगी गुप्ता
पंजाब Updated On :

चडीगढ़। पंजाब में चुनावी रैली के दौरान सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के लोगों पर बयानबाजी करने के बाद से सियासी घमासान छिड़ गया है। दरअसल रैली के दौरान प्रियंका की मौजूदगी में चन्नी ने बिहार, यूपी और दिल्ली पर निशाना साधते हुए कहा था कि, यूपी के भइयों को पंजाब में फटकने नहीं देना है। 

जिस बयानबाजी को लेकर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने चन्नी और प्रियंका पर हमला करते हुए ट्वीट किया कि मंच से पंजाब के मुख्यमंत्री यूपी, बिहार वालों को अपमानित करते हैं और प्रियंका वाड्रा बगल में खड़ी होकर हंस रही हैं। तालियां बजा रही हैं। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या ऐसे कांग्रेस देश और यूपी का विकास करेगी? लोगों को आपस में लड़ाकर?

आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी चन्नी की कथित टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बहुत शर्मनाक है। हम किसी भी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के उद्देश्य से टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से हैं, इसलिए वह भी भैया हैं।

जानिए पूरा मामला

रैली के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी के साथ प्रियंका गांधी भी पहुंची थीं। जहां प्रियंका ने उत्साहित होते हुए कहा कि- समझदारी का इस्तेमाल करो। चुनाव का समय है। लंबी-लंबी बातें नहीं कहनी चाहिए। लेकिन पंजाब के लोगों, बहनों-भाइयों जो आपके सामने है, उसे ठीक से पहचानो। आपमें बहुत विवेक है। समझदारी है। उस समझदारी का इस्तेमाल करो।

फिर बोलीं- पंजाब पंजाबियों का है। पंजाब को पंजाबी चलाएंगे। अपनी सरकार बनाओ। यहां कोई नई राजनीति नहीं मिलेगी। ये बाहर से जो आते हैं। आपके पंजाब में उन्हें सिखाइए पंजाबियत क्या है। पंजाब मेरी ससुराल है।

इतना सुनते ही चन्नी और जोश में आ गए और अपने हाथ में माइक लेकर जोरदार आवाज में बोले- प्रियंका पजाबियों की बहू है। यूपी दे, बिहार दे, दिल्ली दे भईए आके इते राज नई कर दे। यूपी के भइयों को पंजाब में फटकने नहीं देना है।

चन्नी की इसी बयानबाजी को लेकर भाजपा और आप, कांग्रेस पर हमलावर है।



Related