खट्टर के आवास जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

चंडीगढ़। नए कृषि कानूनों के विरोध में चंडीगढ़ में बुधवार को प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड लांघकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आवास की ओर कूच करने की कोशिश कर रहे पंजाब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।

चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी योजना खट्टर के आधिकारिक आवास का ‘घेराव’ करने की थी। युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने कहा कि वे ‘‘दिल्ली चलो’’ मार्च के दौरान प्रदर्शन कर रहे हजारों किसानों को हरियाणा सरकार द्वारा रोके जाने का विरोध कर रहे थे। खट्टर के आवास के बाहर पुलिस की भारी तैनाती थी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री के आवास से करीब तीन किलोमीटर पहले ही पानी की बौछारे छोड़ने वाले वाहनों का बंदोबस्त किया गया था। पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों के नेतृत्व में कार्यकर्ता इससे पहले कांग्रेस के चंडीगढ़ मुख्यालय के पास जमा हुए थे।

First Published on: December 2, 2020 4:23 PM
Exit mobile version