पंजाब : चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, प्रधानमंत्री ने दी बधाई

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

चंडीगढ़। पंजाब के राजनीति गलियारो में जारी लंबी खीचतान के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान उनके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओम प्रकाश सोनी ने भी शपथ ली जो राज्य के उप मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में चन्नी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिस दौरान कांग्रेस सांसद और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी। मोदी ने ट्वीट कर कहा, “पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई। पंजाब सरकार के साथ मिलकर हम राज्य और राज्य की जनता की बेहतरी के लिए काम जारी रखेंगे।”

दलित सिख (रामदसिया सिख) समुदाय से आने वाले चन्नी, अमरिंदर सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। वह रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह इस क्षेत्र से साल 2007 में पहली बार विधायक बने और इसके बाद लगातार जीत दर्ज की। वह शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।

First Published on: September 20, 2021 1:21 PM
Exit mobile version