साउथ कोरिया के दौरे पर पहुंचे CM भगवंत मान, पंजाबियों से बोले- अपने देश के बने ब्रांड एम्बेसडर

जापान के सफल दौरे के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दक्षिण कोरिया के दौरे की शुरुआत सियोल से की। जहां प्रवासी पंजाबियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहां आयोजित एक विचार-विमर्श कार्यक्रम में उन्होंने सियोल में बसे पंजाबियों से अपील की कि वे पंजाब के ब्रांड एम्बेसडर बनें और कोरियाई कंपनियों को निवेश के लिए प्रेरित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब आज दुनिया के पसंदीदा निवेश गंतव्यों में तेजी से उभर रहा है और इसमें प्रवासी पंजाबियों की बड़ी भूमिका हो सकती है।

भगवंत मान ने बताया कि पंजाब सरकार की उद्योग नीतियों के कारण निवेशक पहले से ही प्रदेश में रूचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों में जन्मजात उद्यमिता है, और वे दुनिया के हर कोने में अपनी मेहनत और लगन से पहचान बनाते हैं। ऐसे में सियोल में बसे पंजाबी अपनी जन्मभूमि के लिए निवेश आकर्षित करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है, लेकिन अब समय है कि प्रवासी समुदाय भी प्रदेश की आर्थिक उन्नति में अपना योगदान दे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए निवेश से पंजाब के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि पंजाबियों ने दुनिया भर में अपनी मेहनत और ईमानदारी से नाम कमाया है।

साथ ही उन्होंने प्रवासी समुदाय की उद्यमशीलता और सांस्कृतिक मूल्यों की भी सराहना की, जो लोगों से लोगों और कारोबार से कारोबार के संबंधों को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंजाब के शासन और नियामक सुधारों का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फास्टट्रैक पंजाब सिंगल-विंडो सिस्टम, 173 सेवाओं की ऑटो-डीम्ड मंजूरी, पैन-आधारित कारोबारी पहचान, पंजाब कारोबार अधिकार अधिनियम में संशोधन। ये सभी सुधार निवेशकों को तेज और पारदर्शी मंजूरी प्रक्रिया उपलब्ध कराते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन्वेस्ट पंजाब के जरिए अब तक 1।4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश सुनिश्चित किया जा चुका है।

भगवंत मान ने कहा कि उनका विजन स्पष्ट है। नीतिगत स्थिरता, तेज निर्णय प्रक्रिया और निवेशकों के समय व विश्वास का सम्मान करने वाली शासन व्यवस्था। उन्होंने कहा कि पंजाब उद्योगों का सच्चा सहयोगी बनकर काम कर रहा है, जिससे विकास की रफ्तार तेज होगी। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग जगत की साझेदारी ही सफलता की कुंजी है।

इस कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियों ने पंजाब में निवेश के प्रति रुचि जताई। अरान इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर सी। आकाश ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश की मजबूत संभावनाओं पर बात की। प्रख्यात विद्वान डॉ। लखविंदर सिंह ने रक्षा और एयरोस्पेस सेक्टर में कोरियाई निवेश आकर्षित करने की मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत किया।

कोरिया की पंजाबी एसोसिएशन की चेयरपर्सन मीनाक्षी पवार ने कहा कि लंबे समय बाद पंजाब सरकार का उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल कोरिया आया है, जो भविष्य के सहयोग के लिए नए रास्ते खोलेगा।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाला पंजाब प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेगा। इनमें डेवू E&C, GS E&C और नोंगसिम जैसी बड़ी कोरियाई कंपनियों से मुलाकात, पंजाब में कारोबार करने की सुगमता पर गोलमेज बैठक, पेंग्यो टेक्नो वैली का दौरा, कोरिया डिफेंस इंडस्ट्री एसोसिएशन (KDIA) के साथ बैठक शामिल है।

प्रवासी समुदाय ने भरोसा जताया कि यह दौरा पंजाब-दक्षिण कोरिया संबंधों को नई दिशा देगा। इससे दोनों देशों के बीच उद्योग, टेक्नोलॉजी और सांस्कृतिक सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब उत्तरी भारत का रणनीतिक औद्योगिक प्रवेश द्वार बन रहा है और ऐसे दौरों से वैश्विक निवेशकों का भरोसा और मजबूत होगा।

First Published on: December 8, 2025 9:51 AM
Exit mobile version