AAP का विश्वास प्रस्ताव, BJP का बॉयकॉट और कांग्रेस का प्रदर्शन, पंजाब विशेष सत्र में कुछ बड़ा होने वाला है! 

प्रदीप सिंह प्रदीप सिंह
पंजाब Updated On :

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आज (शुक्रवार, 1 मई) विधानसाभा का विशेष सत्र आयोजित किया है। इस सत्र से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने विधायकों को व्हिप जारी किया है। सभी विधायकों को आज सदन में हाजिर रहने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर बुलाया गया है। हालांकि इसमें सरकार विश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है।

वहीं, कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव करेगी। मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा की तरफ कूच करेंगे। बीजेपी ने आज के इस सत्र का बॉयकॉट किया है और एक मॉक विधानसभा पंजाब बीजेपी के सेक्टर 37 हेडक्वार्टर पर लगाई जाएगी।

आम आदमी पार्टी के सूत्रों की मानें तो राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सासदों की बगावत के बाद पैदा हुई परिस्थितियों को देखते हुए भगवंत मान सरकार यह कदम उठा रही है। दरअसल, राघव चड्ढा ने यह दावा कर दिया था कि आप के विधायक भी पार्टी का साथ छोड़ देंगे। इसको गंभीरता से लेते हुए पार्टी आलकमान ने विधायकों से बात की और अब कॉन्फिडेंस मोशन पास कराने का प्लान किया है, जिससे सरकार 6 महीने के लिए सेफ हो जाएगी।

पंजाब बीजेपी इस विशेष सत्र से दूरी बनाने का फैसला ले चुकी है। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने दावा किया कि स्पेशल सत्र के जरिए सरकार विश्वास प्रस्ताव लाकर खुद को 6 महीने के लिए बचाना चाहती है, क्योंकि कॉन्फिडेंस मोशन पास हो जाने के बाद 6 महीने तक अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया जा सकता। ऐसे में बीजेपी के विधायक सत्र का बॉयकॉट कर रहे हैं।



Related