जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया। राज्य सरकार ने सिंह के निधन पर एक दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया है।
राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहे अंशुमान सिंह का इलाहाबाद में निधन हो गया। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह के निधन पर सोमवार को राजकीय अवकाश रहेगा और राज्य के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।’’
राजस्थान के राज्यपाल मिश्र ने सिंह के निधन पर शोक जताया है और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘न्यायपालिका एवं सार्वजनिक सेवा में न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’
My heartfelt condolences at the passing away of Justice Shri Anshuman Singh, who served as Governor of Rajasthan & Gujarat. His contribution in the judiciary & public life shall always be remembered. May God give strength to his family members to bear this loss. May his soul RIP.
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) March 8, 2021
गहलोत ने सिंह के बड़े बेटे से फोन पर बात कर उन्हें ढाढस बंधाया और संवेदना व्यक्त की। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति अंशुमान सिंह के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, न्यायपालिका एवं सार्वजनिक क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
