तमिलनाडु में AIADMK के होंगे दो टुकड़े, विजय ने डाली दरार! 30 विधायक टूटेंगे?

तमिलनाडु की राजनीति में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। विधानसभा चुनाव में एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। टीवीके को समर्थन देने के लिए राजनीतिक दल सियासी गुणा-गणित सेट करने में जुटे हैं। इसी क्रम में एआईएडीएमके के भीतर से बड़ी हलचल सामने आई है। पार्टी की आज (6 मई) को होने वाली विधायक दल की बैठक टल गई है। पार्टी के 47 MLA में से ज्यादातर TVK को सपोर्ट करने की मांग कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के 47 MLA में से ज्यादातर TVK को सपोर्ट करने की मांग कर रहे हैं। अप्रत्यक्ष तौर पर पूर्व सीएम और AIADMK के सीनियर लीडर एडप्पाडी को चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने जल्द फैसला नहीं लिया तो 30 से ज्यादा MLA पार्टी तोड़कर विजय को सपोर्ट कर देंगे। इस बगावत का नेतृत्व सीवी षणमुगम कर रहे हैं, ऐसी खबर मिल रही है कि उनके घर पर कुछ देर में एआईएडीएमके MLA पहुंच सकते हैं।

एआईएडीएमके के नवनिर्वाचित विधायकों की बुधवार (6 मई) को चेन्नई में बैठक होनी थी, लेकिन ऐन मौके पर यह टल गई। पार्टी का एक धड़ा विजय की पार्टी टीवीके को कम से कम एक साल के लिए बाहर से समर्थन देने के पक्ष में है। यह स्थिति इसलिए अहम है क्योंकि टीवीके राज्य विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से पीछे है। तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें जरूरी हैं, जबकि टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं।

टीवीके ने अकेले चुनाव लड़ा था, इसलिए अब डीएमके और एआईएडीएमके दोनों खेमों की पार्टियों से बातचीत तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके गठबंधन की सहयोगी कांग्रेस, जिसने पांच सीटें जीती हैं, विजय को समर्थन देने के लिए ज्यादा इच्छुक मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का विजय को फोन कर बधाई देना भी संभावित सहयोग के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

एआईएडीएमके गठबंधन की सहयोगी पीएमके ने चार सीटें जीती हैं, वह भी समर्थन देने के लिए तैयार दिख रही है। जल्द ही पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास और विजय की मुलाकात होने की चर्चा है। विजय पहले ही गठबंधन सरकार के लिए अपनी सहमति जता चुके हैं, जिससे छोटे दलों को कैबिनेट में जगह मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। अगर एआईएडीएमके बाहर से समर्थन देती है, तो विजय आसानी से बहुमत हासिल कर सकते हैं और सरकार पर मजबूत पकड़ बनाए रख सकते हैं।

First Published on: May 6, 2026 11:29 AM
Exit mobile version