केरल : कर्ज के बोझ से दबे परिवार के 5 सदस्यों ने की खुदकुशी

मणिकुट्टन का शव कमरे में लटका हुआ मिला, जबकि अन्य चार सदस्यों की मौत जहर के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। दोस्तों और परिवार ने कहा है कि मणिकुट्टन कर्ज के कारण तनाव में था।

तिरुवनंतपुरम। केरल के एक परिवार के 5 सदस्यों ने आर्थिक तंगी के परेशान होकर मौत को गले लगा लिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार तिरुवनंतपुरम के अत्तिंगल इलाके में स्थित एक घर में रहता था। घर से मणिकुट्टन, उनकी पत्नी, उनके दो बच्चे और उनकी चाची का शव बरामद हुआ है।

मणिकुट्टन का शव कमरे में लटका हुआ मिला, जबकि अन्य चार सदस्यों की मौत जहर के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। दोस्तों और परिवार ने कहा है कि मणिकुट्टन कर्ज के कारण तनाव में था। वह अपने आवास के पास एक छोटा सा होटल चला रहे थे और हाल ही में उन्होंने एक घर भी खरीदा था।

दो दिन पहले, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटल का निरीक्षण करने के बाद मणिकुट्टन पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया था, जिसके बाद इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। एक पड़ोसी ने कहा कि मणिकुट्टन ने शनिवार को अपने होटल को फिर से खोलने के लिए सभी इंतजाम किए थे।

पड़ोसियों ने बताया कि शनिवार को मणिकुट्टन के घर आए एक होटल कर्मचारी ने इस घटना के बारे में सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को कॉल किया गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

First Published on: July 2, 2022 11:09 AM
Exit mobile version