बेंगलुरु में आकर्षण का नया केंद्र बनी ‘मेक इन इंडिया’ शेर की मूर्ति

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को जिस ‘मेक इन इंडिया’ शेर की मूर्ति का उद्घाटन किया था वह अब शहर में आकर्षण के नए केंद्र के तौर पर उभर रही है।

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को जिस ‘मेक इन इंडिया’ शेर की मूर्ति का उद्घाटन किया था वह अब शहर में आकर्षण के नए केंद्र के तौर पर उभर रही है। आने-जाने वाले लोग रुककर न सिर्फ इस ‘शेर’ को देख रहे हैं बल्कि उसके साथ तस्वीरें भी लेते नजर आए।

शहर के नगर निकाय बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने विंडसर स्क्वायर पर दहाड़ते हुए इस शेर की प्रतिमा स्थापित की है। यह जगह मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के करीब है।

फाइबर युक्त प्लास्टिक से बनी शेर की इस मूर्ति का वजन 1000 किलो से ज्यादा है और यह 23 फीट लंबी, 4.5 फीट चौड़ी तथा 10 फीट ऊंची है। जिसकी सौंदर्यता को देखकर हर कोई हैरान है।

अधिकारियों ने बताया कि इसे ऐसे मंच पर स्थापित किया गया है जो परिक्रमा करता है। एक परिक्रमा पूरी करने में इसे करीब आठ मिनट का समय लगता है।

First Published on: February 28, 2021 5:41 PM
Exit mobile version