किरण बेदी को पद से हटाने का आंदोलन हुआ तेज, विभिन्न दलों का पुडुचेरी में प्रदर्शन शुरू

मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि ‘‘किरण बेदी पुडुचेरी छोड़ नहीं देतीं।’’ बाद में आंदोलन की अवधि घटा कर चार दिन कर दी गई।

पुडुचेरी। पुडुचेरी में सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गठबंधन (एसडीए) ने उप राज्यपाल किरण बेदी पर निर्वाचित सरकार की विकास योजनाओं तथा कल्याणकारी कदमों को कथित तौर पर बाधित करने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की अपनी मांग के समर्थन में शुक्रवार को चार दिन के आंदोलन की शुरुआत की।

प्रदर्शन में मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी, पुडुचेरी से लोकसभा सांसद वी. वैथिलिंगम, कांग्रेस विधायक टी. जयमूर्ति, माकपा, भाकपा और वीसीके के नेता शामिल हुए।

आंदोलन में सत्तारूढ़ कांग्रेस के सहयोगी दल द्रमुक के नेता और कार्यकर्ता शामिल नहीं हुए। प्रदर्शन में उनकी अनुपस्थिति का कारण तत्काल पता नहीं चला है।

केंद्र ने कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए यहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों को तैनात कर रखा है। इससे पहले एसडीए ने राज निवास पर धरने की योजना बनाई थी जिसकी पुलिस ने इजाजत नहीं दी।

मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि ‘‘किरण बेदी पुडुचेरी छोड़ नहीं देतीं।’’ बाद में आंदोलन की अवधि घटा कर चार दिन कर दी गई।

First Published on: January 8, 2021 3:10 PM
Exit mobile version