विजय थलापति की सरकार गिराने की साजिश? हॉर्स-ट्रेडिंग पर भिड़े

तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय थलापति को सरकार बनाए दो महीने भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन सियासी उठा-पटक जारी है। राज्य में सियासी भूचाल तब आ गया, जब हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर टीवीके और डीएमके के बीच आर-पार की स्थिति बन गई। बुधवार (1 जून) को दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाया है। हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर बीजेपी ने भी विजय थलापति की पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

चेन्नई पुलिस ने बुधवार (1 जून) को सरकार के विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए उकसाने की कथित साजिश के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक यूट्यूबर और करूर के दो डीएमके पदाधिकारी शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद यह मामला और बढ़ गया है। एन। एलैयाराजा की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है, जो कृष्णगिरि जिले के उथंगराई विधानसभा सीट से टीवीके से विधायक हैं।

उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें सत्ताधारी पार्टी छोड़ने के लिए मनाने की बार-बार कोशिशें की गईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि यूट्यूबर आई.पी.डी.एस. थिरुनावुक्करसु ने उनसे बार-बार संपर्क किया, बातचीत की और उनका समर्थन हासिल करने के लिए उन्हें धमकाया। शिकायत के आधार पर चेन्नई की ट्रिपलिकेन पुलिस ने मामला दर्ज किया और थिरुनावुक्करसु को गिरफ्तार कर लिया।

यह गिरफ्तारी मंत्री निर्मल कुमार के उस आरोप के एक दिन बाद हुई है, जिसमें कहा गया था कि टीवीके विधायकों को लालच देकर सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें की जा रही थीं। जांचकर्ता उन दावों की जांच कर रहे हैं कि तीन टीवीके विधायकों को निशाना बनाया गया था और उनमें से सभी को पाला बदलने के लिए कथित तौर पर 15 करोड़ रुपए की पेशकश की गई थी।

पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी के करीबी माने जाने वाले दो डीएमके पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद मामले ने राजनीतिक हलचल मचा दी है, पुलिस ने कहा कि इस कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

उधर, डीएमके ने राज्यपाल आरवी अर्लेकर को पत्र देकर मुख्यमंत्री थलापति विजय के खिलाफ जांच की मांग की है। डीएमके ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि एमडीएमके प्रमुख वाइको ने स्वीकार किया है कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने दो विधायकों को खरीदने की कोशिश की थी। एमडीएमके के दोनों विधायक, कडायनालूर से टीएम राजेंद्रन और सिरकाझी से एस. सेंथिल सेल्वन डीएमके के सिंबर पर चुनाव जीते हैं।

हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर तमिलनाडु बीजेपी के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने कहा, ‘टीवीके अलायंस अवसरवादी गठबंधन है। चाहे सीपीआईएम हो, कांग्रेस हो, आईयूएमएल हो, डीएमके गठबंधन का हिस्सा होने के चलते जनता ने सभी को नकार दिया। टीवीके ने विधायकों की खरीद-फरोख्त में जमकर हाथ बटाया। यह एक अवसरवादी और भ्रष्ट गठबंधन है।’

First Published on: July 2, 2026 9:18 AM
Exit mobile version