लोकप्रिय तमिल कॉमेडियन विवेक का निधन, PM मोदी ने किया शोक प्रकट

लोकप्रिय तमिल अभिनेता विवेक का यहां शनिवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद उनका इलाज चल रहा था।

चेन्नई। लोकप्रिय तमिल अभिनेता विवेक का यहां शनिवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद उनका इलाज चल रहा था।

एसआईएमएस अस्पताल के उपाध्यक्ष डॉ राजू शिवसामी ने एक बयान जारी कर बताया कि मशहूर कॉमेडियन विवेक का तड़के निधन हो गया।

उन्हें शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था और हालत बिगड़ने के बाद उन्हें ‘ईसीएमओ’ प्रणाली पर रखा गया था। अभिनेता को बृहस्पतिवार को कोविड-19 रोधी टीका दिया गया था।

अधिकारियों ने कहा था कि विवेक को हृदयाघात टीके के कारण नहीं हुआ था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मशहूर तमिल अभिनेता विवेक के निधन पर शनिवार को शोक प्रकट किया और कहा कि पर्यावरण तथा समाज के लिए उनकी चिंता उनके जीवन के साथ ही उनकी फिल्मों में भी विदित थी।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘जानेमाने अभिनेता विवेक के असामयिक निधन ने बहुत सारे लोगों को सदमा पहुंचाया है। अपने हास्य व बुद्धिमत्तापूर्ण संवाद अदायगी से उन्होंने लोगों का मनोरंजन किया। उनके जीवन व उनकी फिल्मों में पर्यावरण और समाज के लिए उनकी चिंता विदित है। उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

First Published on: April 17, 2021 2:11 PM
Exit mobile version