
बेंगलुरु। केन्द्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने सोमवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण देश की संस्कृति और परंपरा को एक नया आयाम देगा। कहा, एक तरह से यह राष्ट्र से जुड़ा काम है। यह सिर्फ राम मंदिर का निर्माण नहीं है, बल्कि यह देश की संस्कृति और परंपरा को एक नया आयाम देने जा रहा है।
वृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के अधिकारियों और कर्मचारी कल्याण संघ द्वारा राम मंदिर निर्माण के लिए आयोजित धन संग्रह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गौड़ा ने यहां पत्रकारों से कहा कि मंदिर के लिए धन सरकारों के बजाय आम लोगों से जुटाया जा रहा है क्योंकि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का मानना है कि मंदिर का निर्माण भगवान राम के भक्तों द्वारा किया जाना चाहिए।