नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में नौ वर्षीय दिव्यांग मासूम लड़की का उसके घर के पास ही रहने वाले तीन किशोरों द्वारा यौन उत्पीड़न किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि तीनों किशोरों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना पिछले सप्ताह की है। पीड़ित बधिर है और उसने अपने परिजन को पहले घटना की जानकारी नहीं दी थी। अधिकारी ने कहा बाद में लड़की ने मां को घटना के बारे में बताया तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी और सोमवार को शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस ने कहा कि लड़की का बयान दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि एमएलसी रिपोर्ट में दुष्कर्म के संकेत नहीं मिले। पुलिस ने कहा कि लड़की ने अपने बयान में कहा कि उसका कई बार यौन उत्पीड़न किया जा चुका है।