उत्तराखंड के वरिष्ठ भाजपा विधायक हरबंस कपूर का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

राज्य सरकार ने कपूर की अंत्येष्टि पुलिस सम्मान के साथ किए जाने तथा सोमवार को देहरादून जिले के सभी सरकारी ​कार्यालय बंद रखे जाने का आदेश दिया है।

देहरादून। देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश ईकाई के उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने बताया कि कपूर की पत्नी जब सुबह उन्हें जगाने गयीं तो वह नहीं उठे। उसके बाद चिकित्सक को बुलाया गया जिसने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हरबंस के निधन पर राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। वहीं विधायक के निधन का समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। धामी ने उनके शोकसंतप्त परिजनों को दुख की घडी में ढांढस बंधाया।

उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए धामी ने कहा कि वह राजनीतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। उन्होंने कहा कि लगातार आठ बार चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है।

इसी के साथ ही मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘उत्तराखंड से हमारे वरिष्ठ पार्टी सहयोगी श्री हरबंस कपूर जी के निधन से दुखी हूं। वरिष्ठ विधायक एवं प्रशासक को सार्वजनिक जीवन एवं समाज सेवा में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति सांत्वना। ओम शांति।’’

राज्य सरकार ने कपूर की अंत्येष्टि पुलिस सम्मान के साथ किए जाने तथा सोमवार को देहरादून जिले के सभी सरकारी ​कार्यालय बंद रखे जाने का आदेश दिया है।

First Published on: December 13, 2021 2:51 PM
Exit mobile version