
देहरादून। उत्तराखंड में बड़ी सियासी हलचल और अटकलों के बीच मंगलवार को राज्यपाल बेबीरानी मौर्य से मुलकात के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब बुधवार को नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। पिछले कई दिनों से उत्तराखंड सरकार में इसको लेकर अंदेशा जताया जा रहा था।
भारतीय जनता पार्टी ने पहले दिल्ली से दो पर्यवेक्षकों को राज्य में भेजा था। उसके बाद सीएम ने खुद दिल्ली जाकर पार्टी के सीनियर नेताओं से मुलाकात की थी। लंबे घटनाक्रम के बाद मंगलवार को उत्तराखंड के सीएम रावत के इस्तीफे के बाद राज्य के राजनीतिक संकट का पटाक्षेप हो गया।
वहीं, कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी का समय खत्म हो गया है। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने भी मान लिया है कि चार साल उनकी सरकार ने कुछ नहीं किया। उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की बढ़ती अटकलों के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मंगलवार शाम को कुछ बड़ी घोषणा कर सकते हैं।
रावत के साथ दिल्ली से लौटे प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री शाम को मीडिया से मुखातिब होंगे और उनके सवालों के जवाब देंगे। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों ने शनिवार शाम तब जोर पकड़ लिया जब भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और पार्टी मामलों के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार सिंह अचानक देहरादून पहुंचे और कोर ग्रुप की बैठक हुई।