मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प और फायरिंग, एक की मौत- पुलिसकर्मी सहित कई घायल


राजद नेता तेजस्वी यादव ने मांग की कि मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी और पुलिस लाठीचार्ज की घटना की उच्च न्यायालय की निगरानी में जांच करायी जाए तथा डीएम व एसपी को तत्काल हटाया जाए।


भास्कर न्यूज ऑनलाइन भास्कर न्यूज ऑनलाइन
राज्य Updated On :

मुंगेर। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के एक दिन पहले राज्य के मुंगेर जिले में देवी दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान लोगों और पुलिस के बीच अचानक हुई हिंसक झड़प और फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पुलिस कर्मी सहित काफी संख्या में लोग घायल हो गए।

घटना मुंगेर शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत दीन दयाल उपाध्याय चौक पर सोमवार देर रात हुई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस गोलीबारी में 20 साल के एक युवक की मौत हो गयी। हालांकि प्रशासन ने कहा कि वह भीड़ के बीच से किसी के द्वारा चलाई गई गोली से मारा गया था।

इस घटना ने लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ विपक्षी महागठबंधन ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक लीपी सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी इस घटना के लिए राज्य सरकार की आलोचना की।

राजद ने ट्वीट किया, “तेजस्वी यादव ने मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के लिए जाने वाले बच्चों पर बिना कारण गोली चलाने के लिए नीतीश कुमार सरकार की आलोचना की। उन्होंने एक ट्वीट में मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।”

चिराग पासवान ने ट्वीट किया, “मुंगेर पुलिस के खिलाफ 302 (हत्या) का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। भक्तों पर गोलीबारी से पता चलता है कि नीतीश का तालिबानी शासन है। स्थानीय पुलिस अधीक्षक को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए और धारा 302 (हत्या) के तहत उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।”

उन्होंने मृतक के परिजनों के लिए 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और सरकारी नौकरी की मांग की। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि चुनाव आयोग को घटना का संज्ञान लेना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करनी चाहिए।

मुंगेर के जिलाधिकारी राजेश मीणा ने कहा कि पुलिस पर गोलीबारी की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने इलाके का दौरा किया और कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने कहा, कुछ असामाजिक तत्वों ने दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान पथराव किया, जिसमें 20 जवान घायल हो गए। भीड़ की तरफ से भी गोलीबारी की गई जिसमें दुर्भाग्य से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

उन्होंने कहा, हम शहर भर में फ्लैग मार्च कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। हम असामाजिक तत्वों पर नजर रख रहे हैं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। डीआइजी मुंगेर मनु महाराज ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में कुछ वीडियो सामने आये हैं जिनका फुटेज निकला जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर्मियों ने बताया कि घायलों संग्रामपुर पुलिस थाना अध्यक्ष सर्वजीत कुमार, कोतवाली थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, कासिम बाजार थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार और बासुदेवपुर चौकी प्रभारी सुशील कुमार भी शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से तीन हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं और कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विसर्जन के लिए मूर्ति को ले जाने दौरान एक बांस से बने वाहक के टूट जाने के बाद परेशानी शुरू हो गई थी और इसे ठीक करने में समय लग रहा था।

तेजस्वी ने कहा- हाई कोर्ट की निगरानी में हो घटना की जांच
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को मांग की कि मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी और पुलिस लाठीचार्ज की घटना की उच्च न्यायालय की निगरानी में जांच करायी जाए तथा डीएम व एसपी को तत्काल हटाया जाए।

यादव ने कहा, इस मामले में वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी से पूछना चाहते हैं कि मुंगेर पुलिस को जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी?

तेजस्वी ने राज्य में कानून एवं व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं, वह क्या कर रहे थे और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने इस मामले में ट्वीट के अलावा क्या किया है?

वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार-भाजपा की सरपरस्ती में बिहार के दुर्गा मां के उपासकों को निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस द्वारा निर्ममतापूर्वक लोगों की पिटाई का दृश्य देख रूह कांप जाती है।

कहा कि यह सरकार श्राप और पाप की भागी है और नैतिकता के नाते इसे एक क्षण भी कुर्सी पर नहीं रहना चाहिए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार की पुलिस ने निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाई।

सुरजेवाला ने कहा कि मुंगेर की घटना की जनरल डायर से तुलना करना एकदम सही है और भाजपा-जदयू को बिहार व देश को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिये बिहार की बहादुर जनता इन्हें सबक सिखाएगी।