कोलकाता में पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से घुसपैठियों को डिपोर्टशन तक होल्डिंग सेंटर में रखने को लेकर फैसला दिया था। अब मंगलवार को अवैध विदेशी नागरिकों के लिए बनाए गए होल्डिंग सेंटर में तीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को रखा गया है। सोमवार को मालदा राज्य का पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसने होल्डिंग सेंटर बनाए हैं। जहां 9 संदिग्ध घुसपैठियों को रखा गया है।
वहीं, एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुर्शिदाबाद के लालगोला में होल्डिंग सेंटर अब चालू हो गया है। इस केंद्र में कड़ी सुरक्षा में तीन बांग्लादेशी नागरिकों को रखा गया है। उन्होंने जानकारी दी है कि इन तीनों ने कथित तौर पर अवैध रूप से बॉर्डर पार करने की कोशिश की थी। वह लालगोला में रह रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रविवार को गिरफ्तार किया गया था। बाद में होल्डिंग सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इन हिरासत में लिए गए लोगों के संबंधों में आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं राज्य के गृह विभाग और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से पूरी की जाएंगी।
अधिकारियों ने कहा कि लालगोला में बनाए गए इन केंद्र पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की गई है। हिरासत में लिए गए लोगों का विवरण पहली गृह विभाग को भेज दिया गया है। इस केंद्र को अस्थायी तौर पर पद्मा भवन की तीसरी मंजिल पर बनाया गया है। यह इमारत लालगोला पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बहादुरपुर पंचायत कार्यालय से लगी हुई है।
इससे पहले गृह और पहाड़ी मामलों के विभाग ने 23 मई को सभी जिला मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया था। इसमें कहा गया था कि हिरासत में लिए गए विदेशियों और रिहा हो चुके उन विदेशी कैदियों को रखने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार करें। जो अपने देश वापस भेजे जाने का इंतजार कर रहे हैं।
