किसान विरोधी कानूनों को अभी वापस ले सरकार : ममता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्र पर नये कृषि कानूनों को लेकर निशाना साधते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 55वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए यह बात कही। शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को याद करते हुए बनर्जी ने कहा कि किसान देश के नायक हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उन्होंने हमें ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रेरणादायी नारा दिया था। हमें हमारे किसान भाइयों-बहनों पर गर्व है। किसान हमारे देश के नायक हैं। केंद्र को किसान विरोधी कानूनों को अभी वापस लेना चाहिए।’’

बनर्जी नये कृषि कानूनों के खिलाफ मुखर रही हैं जिनके विरुद्ध किसान दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भी प्रदर्शन को समर्थन जताया है।

First Published on: January 11, 2021 1:54 PM
Exit mobile version