पश्चिम बंगाल की सियासत में आए दिन बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। नंदीग्राम उपचुनाव में जिस तरह ममता बनर्जी की उम्मीदवार ने नाम वापस लिया और फिर उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन का ऐलान किया। इससे कहीं न कहीं ममता और कांग्रेस की करीबियां झलकती हैं। इसी के मद्देनजर गठबंधन पर टीएमसी के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी का बड़ा बयान आया है।
हुगली में कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने रविवार (20 सितंबर) को कहा कि इंडिया गठबंधन काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी, ममता बनर्जी के संपर्क में हैं और नंदीग्राम सीट भी कांग्रेस के लिए छोड़ी गई है। नंदीग्राम में टीएमसी उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया है।
कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर 3 अक्टूबर तक के लिए जेल भेज दिया है। उन पर अवैध हथियार रखने और हत्या से संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज हैं। उन पर कई अन्य गंभीर आरोपों में भी केस दर्ज है। बता दें कि जेल जाने की वजह से अब मिलन चुनाव प्रचार नहीं कर पाएंगे, क्योंकि 4 अक्टूबर चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है और 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी।
वहीं दूसरी ओर अधीर रंजन पर निशाना साधते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ तालमेल की समस्या मुख्य रूप से अधीर रंजन चौधरी की वजह से है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधीर रंजन चौधरी सिर्फ ममता बनर्जी के खिलाफ हैं, जबकि बीजेपी या सीपीएम के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान का भी नाम लेते हुए कहा कि ऐसे नेता गठबंधन में समस्या पैदा कर रहे हैं। कल्याण बनर्जी ने आगे कहा कि अब पश्चिम बंगाल कांग्रेस को इस मामले में फैसला लेना है।
