ममता बनर्जी ने कहा- कोविड-19 स्थिति नियंत्रण में है, निर्वाचन आयोग कराए बंगाल में उपचुनाव

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य की छह विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव सात दिन के भीतर हो सकते हैं क्योंकि कोविड-19 की स्थिति “नियंत्रण” में है।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य की छह विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव सात दिन के भीतर हो सकते हैं क्योंकि कोविड-19 की स्थिति “नियंत्रण” में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कि भारत निर्वाचन आयोग, उप चुनाव कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंजूरी का इंतजार कर रहा है।

बनर्जी ने सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, “अगर ऐसा है तो मैं प्रधानमंत्री से कहूँगी कि वह मंजूरी दें। अभी स्थिति ठीक है लेकिन अगर महामारी की तीसरी लहर आती है तो आप कुछ नहीं कर सकते।”

उन्होंने कहा, “हम इंतजार कर रहे हैं (निर्वाचन आयोग के फैसले का।) उपचुनाव जितना जल्दी हो सके करवाना चाहिए क्योंकि अभी कोविड-19 की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसलिए मुझे लगता है कि सात दिन में वे चुनाव करा सकते हैं। उम्मीदवारों को इतना ज्यादा समय देने की जरूरत नहीं है।”

बता दें कि देशभर में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान काफी तेजी के साथ संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ था। अभी तक देशभर में कुल 3 करोड़ से ज्यादा कोरोना मरीज सामने आए हैं। जिसमें से 3 लाख 92 हजार से ज्यादा की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है। वहीं वर्तमान में 6 लाख 33 हजार 546 कुल एक्टिव मामले हैं और 2 करोड़ 90 लाख 56 हजार लोगों का सफल इलाज हुआ है।

First Published on: June 24, 2021 10:50 AM
Exit mobile version