पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बेहद ही मुश्किल लड़ाई लड़ रही हैं। इसके साथ ही दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल के बावजूद भी पीएम नरेंद्र मोदी यहां हारेंगे।
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”अभी ममता दीदी से फोन पर बात हुई। मैंने उनके प्रति पूरी एकजुटता और समर्थन जताया है। वो एक बेहद मुश्किल लड़ाई लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे अहम लड़ाइयों में से एक है। मोदी जी हारेंगे, चाहे उन्होंने केंद्रीय चुनाव आयोग समेत सभी संस्थानों का दुरुपयोग ही क्यों न किया हो।”
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के लिए वोटिंग होगी। पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं दूसरे चरण का चुनाव 142 सीटों पर 29 अप्रैल को होगी। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल कल (21 अप्रैल) को चेन्नई में थे। इस दौरान उन्होंने डीएमके और सीएम एमके स्टालिन का पूरी तरह से समर्थन किया। उन्होंने एमके स्टालिन की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में तमिलनाडु में काफी विकास हुआ है और जब भी देश में कोई बड़ा मुद्दा सामने आता है, स्टालिन की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठती है।
चेन्नई में बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा, ”तमिलनाडु के लोग बीजेपी की राजनीति को पसंद नहीं करते, इसलिए पार्टी राज्य में अपनी जगह नहीं बना पाई है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एआईएडीएमके पूरी तरह भाजपा के प्रभाव में है। केजरीवाल ने आगे कहा, ”मुझे भरोसा है कि लोग एनडीए को वोट नहीं देंगे। अगर भाजपा को एक भी सीट मिलती है, तो वह यहां सरकार बनाने की कोशिश करेगी और इससे राज्य में हो रहे अच्छे कामों पर असर पड़ सकता है।”
