नोएडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए आज यानि बृहस्पतिवार को प्रथम चरण का मतदान संपन्न हुआ। नोएडा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह के समर्थन में सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता, पार्टी के पदाधिकारी और समर्थक मतदाताओं को बूथ तक ले जाने के लिए लग गए थे। भाजपा कार्यकर्ता विधायक पंकज सिंह के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित कर रहे थे। भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह के प्रचार अभियान में जहां पार्टी संगठन के लोग लगे थे वहीं पर स्थानीय नागरिक भी उनके समर्थन में सुबह से ही जी जान से लगे थे।

नोएडा सेक्टर-62 के स्टेलर पार्क अपार्टमेंट में पंकज सिंह के पक्ष में डोर टू डोर अभियान चलाया गया। इस अभियान में भाजपा शक्ति केंद्र के सेक्टर 62 प्रभारी एवं सेक्टर-62 के फेडरेशन के सदस्य प्रदीप मिश्र, विशाल अवस्थी और कर्मठ वाजपेयी की भूमिका सराहनीय रही।

स्टेलर पार्क के निवासियों ने “जय भाजपा तय भाजपा”, “जय मोदी जय योगी” और “पंकज सिंह ज़िन्दाबाद” के नारों के साथ डोर डू डोर अभियान चलाया।

विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधानसभा सीट नोएडा, दादरी और जेवर में बृहस्पतिवार को मतदान हुआ। जिले की तीनों विधानसभा पर 16 लाख 69 हजार 592 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें सबसे अधिक मतदाता नोएडा विधानसभा सीट पर है। इसके बाद दादरी व सबसे कम जेवर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या है।

नोएडा विधानसभा में 161 मतदान केंद्र व 755 मतदेय बूथ बनाए गए थे। नोएडा में कुल 13 प्रत्याशी हैं।

मतदान के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे कोरोना को देखते हुए इस बार मतदान के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय दिया गया। इसके साथ ही बूथ पर मतदाताओं की संख्या 15 सौ से घटाकर अधिकतम साढ़े 12 सौ रखी गई।

मतदान केंद्र पर सैनिटाइजर व ग्लव्स की व्यवस्था की गई थी। मतदाताओं से अपील की गयी कि मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। तीनों विधानसभा में सुबह सात बजे से मतदान शुरू होकर शाम छह बजे तक संपन्न हुआ।

तीनों विधानसभा में 243 आदर्श बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर मतदाताओं को चाय-पानी की विशेष सुविधा थी। इसके साथ ही सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे।

निर्वाचन आयोग ने इस बार बुजुर्ग और दिव्यांग के लिए पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा दी थी। जिसमें 457 मतदाता पोस्टल बैलेट से अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। इसके अलावा मतदान कर्मी भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

मतदाता पहचान पत्र न होने पर निर्वाचन आयोग द्वारा तय पहचान पत्र ड्राइविग लाइसेंस, आधार कार्ड, पासपोर्ट, पेनकार्ड, विभाग द्वारा कर्मचारी को जारी पहचान पत्र, राशन कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, पासबुक, पेंशन दस्तावेज, सेवा पहचान पत्र, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, यूडी आइडी कार्ड आदि से भी मतदान करने का अवसर दिया गया।

