
कासगंज के सोरोंजी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में आपने प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनाई थी। भाजपा ने जो कहा था, वो पूरा किया। हमने कहा था कानून का राज लाएंगे। बेटियों को सुरक्षा दिलाएंगे। प्रदेश को गुंडागर्दी, दंगा और भयमुक्त प्रदेश बनाएंगे। आज प्रदेश में कानून का राज कायम है। अब प्रदेश से पलायन नहीं होता है। आज यूपी प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की संवेदना आतंकवादियों के प्रति थी। याद करिए जब 2012 में सपा की सरकार आई थी, तब सपा ने अयोध्या में आतंकी हमला करने वालों के मुकदमे वापस लिए थे। ऐसे अवसरवादियों का साथ नहीं देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तय किया है कि अपराध और अपराधियों पर कोई रहम नहीं करेगी।
कासगंज के बाद मुख्यमंत्री योगी फिरोजाबाद के सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता के अनुसार मुख्यमंत्री योगी सिरसागंज से भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव के समर्थन में गिरधारी लाल इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर एक बजे टूंडला विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर के समर्थन में चुनावी सभा करेंगे।
आपको पता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में 403 विधानसभा सीट के लिए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।