उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव: सपा ने लगाया EVM में हेराफेरी का आरोप

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को कठघरे में खड़ा किया....

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को कठघरे में खड़ा किया।

सपा ने अपने ट्विटर हैंडल से एक अधिकारी का कथित वीडियो अपलोड किया जिसमें वह यह कहते नजर आते हैं कि मंगलवार को ईवीएम ले जाने में जरूरी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। हालांकि वह ईवीएम से छेड़छाड़ करने की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज करते हुए भी नजर आते हैं।

सपा ने इसी ट्वीट में आगे कहा “कई जिलों में ईवीएम में हेराफेरी की जानकारी प्राप्त हो रही है। यह किसके इशारे पर हो रहा है? क्या अधिकारियों पर मुख्यमंत्री कार्यालय से दबाव बनाया जा रहा है? चुनाव आयोग कृपया स्पष्ट करे।” गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी में ईवीएम ले जा रहे एक ट्रक को ‘पकड़े’ जाने का दावा करते हुए आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ भाजपा ‘‘मतों की चोरी’’ की कोशिश कर रही है।

उत्तर प्रदेश में सात चरणों में हुए विधानसभा चुनाव का अंतिम दौर गत सात मार्च को हुआ था। मतों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी।

First Published on: March 9, 2022 3:29 PM
Exit mobile version