यूपी के औरैया में भीषण सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत और 35 से अधिक घायल


ओरैया की सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि इस हादसे में 24 लोगों की मौत हुई है जिसमें 22 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को सेफैई पीजीआई रैफर कर दिया गया है। इस में कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।डीएम औरैया अभिषेक सिंह ने कहा है कि यह दुर्घटना अहले सुबह करीब 3.30 बजे घटित हुई है। इनमें से ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के थे



औरैया। उत्तर प्रदेश के अयोध्या और मध्य प्रदेश के गुना में शुक्रवार को हुए हादसे को लोग अभी भूले भी नहीं थे कि शनिवार अहले सुबह उत्तर प्रदेश के औरैया में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 प्रवासी मजदूरों की मौत से पूरा देश सहम गया है। 

खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक चाय के ढाबा के किनारे खड़े ट्रक को दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दिया जिसमें ट्रक में सवार 24 मजदूरों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी मजदूर, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड से जो राजस्थान में काम कर रहे थे और लॉकडाउन की वजह से  काम बंद होने के कारण ट्रकों में सवार होकर घर जा रहे थे। 

विभिन्न स्रोतों के मिली खबरों के अनुसार मजदूर चूने से भरे लॉरी में सवार से थे जिसके कारण दुर्घटना के बाद सभी की लाशें सफेद चूने से सन गई हैं। चाय की तलब होने के कारण कुछ मजदूर ट्रक रुकवाकर चाय पीने लगे और कुछ गहरी नींद में ट्रक में ही सो गए थे। खबरों के अनुसार जो लोग ट्रक में सो रहे थे वहीं दुर्घटना के शिकार हुए हैं जिनमें 24 की मौत हो गई और 37 घायल हो गए हैं। जो चाय पीने गए थे वे सभी सुरक्षित हैं।

इस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अमले के भी होश उड़ गए हैं और आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस टीम राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। ओरैया की सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि इस हादसे में 24 लोगों की मौत हुई है। 22 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और 15 गंभीर रूप से घायलों को सेफैई पीजीआई रैफर कर दिया गया है। इस में कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

वहीं घायलों को बचाने के अभी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। डीएम औरैया अभिषेक सिंह ने कहा है कि यह दुर्घटना अहले सुबह करीब 3.30 बजे घटित हुई है। इनमें से ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के थे

सीएम योगी ने जताई शोक

यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि इस भीषण सड़क हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को हर संभव राहत प्रदान करने के साथ-साथ सभी घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडलायुक्त कानपुर और आईजी कानपुर को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य अपनी देखरेख में संपन्न कराने, दुर्घटना के कारणों की जांचकर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें कि शुक्रवार को ही अयोध्या हाईवे पर कोतवाली से तीन किलोमीटर दूर शुक्रवार सुबह दो सड़क हादसे हुए। इसमें तेज रफ्तार वाहनों ने 11 श्रमिकों को रौंद दिया। इसमें से पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वाले आपस में चाचा, भतीजे, मामा-भांजे हैं। गंभीर चोटों के कारण चार को केजीएमयू लखनऊ रिफर किया गया है। दो का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। यह लोग पैदल ही अपने घरों को जा रहे थे। हादसे के शिकार ये मजदूर बहराइच, गोरखपुर और देवरिया जिलों के हैं।

इसी तरह मध्य प्रदेश के गुना जिले में शुक्रवार रात हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। ये मजदूर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। यही नहीं, इस सड़क दुर्घटना में 14 लोग बुरी तरह से जख्मी भी हो गए हैं। यह सड़क दुर्घटना मध्य प्रदेश के गुना बाइपास पर हुई।



Related