विदेश यात्रा कर गौतमबुद्ध नगर लौटे 67 लोग, 31 दिसंबर तक धारा-144 लागू

धारा-144 लागू होने के दौरान बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन करने, एक जगह पर अधिक संख्या में लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा।

नोएडा । कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ को लेकर बढ़ी चिंता के बीच गौतबुद्ध नगर जिले के स्वास्थ्य विभाग ने 15 नवंबर से अबतक विभिन्न देशों से यहां आए 67 लोगों की जांच कराने का फैसला किया है। विभाग को इन लोगों की सूची भी मिल गई है। वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

जिला निगरानी अधिकारी डॉ.सुनील दोहरे ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन ने गौतमबुद्ध नगर के स्वास्थ्य विभाग को पिछले 15 दिनों में विदेश की यात्रा करके लौटे यात्रियों की निगरानी के लिए टीम गठित करने का आदेश दिया है, जिसके तहत टीम का गठन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि एकीकृत नियंत्रण कक्ष से प्रतिदिन इन लोगों को फोन किया जाएगा।अगर किसी में संक्रमण के लक्षण मिलते हैं तो उनके नमूनों की जांच की जाएगी। इसके लिए मोबाइल टीम गठित की गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि विदेश से लौटे हर यात्रियों की सूची बनाकर उनकी निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि विदेश से लौटने वालों को सात दिन तक पृथकवास में रहना होगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि जरूरत पड़ने पर नोएडा कोविड अस्पताल को पुनः पूरी क्षमता के साथ चलाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

वहीं जिले में प्रशासन ने 31 दिसंबर तक धारा-144 लागू कर दी है। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि दिसंबर माह में क्रिसमस सहित कई त्योहार पड़ेंगे और इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए 31 दिसंबर तक जिले में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

उन्होंने बताया कि धारा-144 लागू होने के दौरान बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन करने, एक जगह पर अधिक संख्या में लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही शहर में बिना पूर्व अनुमति सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन कार्यक्रम आदि पर रोक रहेगी।

First Published on: December 2, 2021 12:46 PM
Exit mobile version