ज्ञानवापी स्थित वजूखाने का ASI सर्वेक्षण कराने की मांग, आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

वाराणसी के विवादित ज्ञानवापी परिसर को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई हैं। आज सोमवार 8 दिसंबर को ज्ञानवापी परिसर में स्थित वजू खाने का एएसआई से वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराए जाने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज सुनवाई होगी।

इस याचिका में ज्ञानवापी परिसर के बाकी हिस्से की तरह वजूखाने का भी वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने की मांग की गई है। श्रृंगार गौरी केस की मुख्य वादिनी राखी सिंह की तरफ से रिवीजन अर्जी हाईकोर्ट में दाखिल की गई है। इससे पहले जिला जज ने वजू खाने का सर्वे कराए जाने का आदेश देने से इनकार कर दिया था।

राखी सिंह ने 21 अक्टूबर 2023 के वाराणसी सिविल कोर्ट के फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी है। जिसमें परिसर का सर्वेक्षण आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया से कराए जाने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि जिस तरह से विवादित परिसर का सर्वे किया गया है उसके साथ वजूखाने का भी एसआईआई सर्वे कराना जरूरी है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस केस के साथ ही स्वयंभू लार्ड आदि विशेश्वर से जुड़ी याचिका को भी सम्बद्ध कर दिया है। कोर्ट में दोनों याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर रही है। सोमवार को जस्टिस रोहित रंजन अग्रवाल की सिंगल बेंच में होगी मामले की सुनवाई।

इससे पहले भी ज्ञानवापी मामले में वाराणसी जिला कोर्ट के सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक ने हिंदू पक्ष की याचिका को खारिज कर दिया था। इस याचिका में पूरे ज्ञानवापी परिसर का एएसआई सर्वे की मांग की गई थी। जिसके बाद ही हिन्दू पक्ष के वकील विजय शंकर रस्तोगी ने कह दिया था कि वो जिला अदालत के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।

आज इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी, जिसमें दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी, सभी की नजरें आज की सुनवाई पर टिकी हैं।

First Published on: December 8, 2025 9:46 AM
Exit mobile version